Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार की राजनीति गरमाई हुई है। इसी क्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंच से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए राजनीतिक खलनायक” की उपाधि दे दी है। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी बेशर्म हो चुके हैं और उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। जब-जब चुनाव आते हैं, राहुल गांधी और उनके साथी नौटंकी करने निकल पड़ते हैं। और वोट बैंक की राजनीति के लिए परदेसियों को वोटर बनाने का षड्यंत्र रचते हैं। साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी तीखा प्रहार किया है।
राहुल गांधी और उनके साथियों पर कटाक्ष करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ये लोग चुनाव के समय नौटंकी करने निकल पड़ते हैं। और कभी अराजकता की फसल बोते हैं, तो कभी सामाजिक सौहार्द को तोड़ने का असफल प्रयास। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव राजनीति को अपने खानदानी जागीर समझ बैठे हैं—जैसे सत्ता कोई धरोहर हो और जनता महज़ बंधुआ प्रजा। “सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए लोग जनता के दुख-दर्द को क्या समझेंगे? इनका काम है केवल संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना और संसद में नौटंकी कर यह जताना कि संविधान खतरे में है।”
वहीँ, बिहार में महागठबंधन की यात्रा पर कटाक्ष करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा के बहाने फिर से “जंगलराज” की झलक दिखाने की कोशिश की गई। सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और गुंडागर्दी को उन्होंने “जंगलराज की पाठशाला” की उपमा दी और कहा कि “शायद यह लोग भूल गए हैं कि अब बिहार में लालू प्रसाद की नौटंकी नहीं, बल्कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की सुशासन की सरकार है।” किसी भी तरह के अपराधी और अपराध को पनपने नहीं दिया जाता है।