नवादा : बिहार वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की गाड़ी चला रहे ड्राइवर पर नगर थाना में एफआईआर दर्ज हुई है। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंगलवार को काले रंग की थार गाड़ी की टक्कर से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। सदर एसडीपीओ-1 के बॉडीगार्ड महेश कुमार के पैर पर राहुल की गाड़ी का टायर चढ़ गया था। महेश की ओर से नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पुलिसकर्मी ने बताया कि दोपहर में करीब 12 बजे वह एसडीपीओ-01 के साथ नवादा के भगत सिंह चौक पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान राहुल गांधी का कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह भीड़ के धक्के से गिर गए थे। मंगलवार को दर्ज प्राथमिकी में कहा गया कि ड्राइवर की लापरवाही से गाड़ी का चक्का पुलिसकर्मी के पैर पर चढ़ा। इससे बॉडीगार्ड का बायां पैर चोटिल हो गया। उन्हें फ्रैक्चर आया है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। इसके जरिए वे चुनाव आयोग के वोटर लिस्ट रिवीजन (एसआईआर) के खिलाफ हल्ला बोल रहे हैं। 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई उनकी यात्रा औरंगाबाद, गयाजी होते हुए मंगलवार को नवादा पहुंची थी।
भईया जी की रिपोर्ट