आज मंगलवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 3.01 बजे भारतीय अंतरीक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला स्पेश मिशन पूरा कर वापस धरती पर लौट आए। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में सैन डिएगो में तट के पास प्रशांत महासागर में उनका ड्रैगन यान स्प्लैश डाउन कर गया। 4 पैराशूट की मदद से यह कैप्सूल समंदर में गिरा, जिसे पानी से निकालकर एक विशेष रिकवरी जहाज पर रखा गया है। अब वहां से अंतरिक्ष यात्रियों को कैप्सूल से बाहर निकाला जाएगा। शुभांशु के साथ तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर SpaceX का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट धरती पर सुरक्षित लौट आने पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में कहा कि—’धरती माता पर आपका स्वागत है’।
अपने अंतरीक्ष मिशन के दौरान भारत के लाल शुभांशु शुक्ला ने 20 दिन अंतरिक्ष में और 18 दिन अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताए। यह भी खबर है कि भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ड्रैगन कैप्सूल से बाहर आ गए हैं। इसके साथ ही उनकी 20 दिन की अंतरिक्ष यात्रा पूरी हो गई है। उनके सुरक्षित धरती पर लौटने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक एक्सिओम-4 मिशन से सफल वापसी हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने न केवल अंतरिक्ष को छुआ है, बल्कि भारत की आकांक्षाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनकी यात्रा न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह भारत की बढ़ती अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं के लिए एक गौरवपूर्ण कदम है। वहीं केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि आज भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए शुभ दिन है। कई बड़े प्रयोग हुए जिनसे केवल भारत ही नहीं पूरे विश्व को लाभ मिलेगा। अब गगनयान की पूरी तैयारी है और हम भारत का अपना अंतरिक्ष केंद्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
उधर लखनऊ निवासी अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के यान की कैलीफोर्निया के तट पर सुरक्षित लैंडिंग देख उनके माता-पिता भावुक हो गए। माता-पिता ने कहा कि यह हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। शुभांशु शुक्ला की मां आशा शुक्ला ने कहा, मैं इस चीज को शब्दों में बयान नहीं कर सकती हूं। जब लैंड हो रहा था तब बस थोड़ा डर लगा था लेकिन सब अच्छे से हो गया है ईश्वर साथ में हैं, उन्होंने उसे वहां पहुंचाया था और उन्होंने ही उसे सुरक्षित लैंड कराया है। उन्होंने कहा कि यह हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है।