नवादा : मुहर्रम त्योहार को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को ले जिले के अकबरपुर थाना परिसर में रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया।सदस्यों को संबोधित करते हुए सुमन ने कहा कि अकबरपुर ने पिछले कुछ दिनों में इतिहास कायम किया है। पुराने दाग को धोकर प्रशासन का भरपूर सहयोग किया है यही कारण है कि आज डीएम-एसपी को आना नहीं पड़ता।
परंपरा व सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे, प्रशासन को सहयोग मिलता रहे यही लोगों से गुजारिश है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश का पालन करने का अनुरोध करते हुए कहा कि डीजे के साथ अस्त्र-शस्त्र पर पूर्णतया रोक रहेगा तथा संध्या छह बजे तक हर हाल जुलूस का समापन कराने में प्रशासन का सहयोग करने का हरसंभव प्रयास किया जाय।
थानाध्यक्ष संजीत राम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता शांति सद्भाव कायम रखना होता है। यह तभी संभव है जब अवाम का सहयोग प्रशासन को मिलेगा। उन्होंने शांति समिति के उपस्थित सदस्यों से मुहर्रम त्योहार को शांति पूर्ण संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उपस्थित मो. आलम खान, मो. सोहैल, मो. मेराज खान, मार पंचायत पूर्व पंचायत समिति सदस्य मो. नन्हू आदि ने अधिकारियों को समय के साथ जुलूस संपन्न कराने में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मौके पर उपस्थित बलिया बुजुर्ग पैक्स के पूर्व अध्यक्ष राजीव कुमार बावी, पूर्व मुखिया नरेश मालाकार, महेश प्रसाद, पचरुखी पंचायत मुखिया पति ब्रम्हचारी प्रसाद कुशवाहा, पांति पैक्स अध्यक्ष विजय यादव आदि ने उपस्थित अधिकारियों को शांति व सौहार्द कायम रखने में प्रशासन को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
भईया जी की रिपोर्ट