आरजेडी से तेज प्रताप यादव के निष्कासन के बाद अब अनुष्का यादव के बड़े भाई आकाश यादव को सक्रिय राजनीति से अलग—थलग कर दिया गया है। पशुपति पारस की पार्टी रालोजपा ने वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए आज गुरुवार को अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया। आकाश यादव ने पिछले दिनों राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके पुत्र तेजस्वी यादव पर टिप्पणी की थी। लालू प्रसाद यादव ने अनुष्का यादव प्रकरण के बाद अपने बड़े बेटेतेजप्रताप यादव को परिवार और पार्टी से बाहर कर दिया था। राजद से निकाले जाने के बाद आकाश यादव इस समय पशुपति पारस की पार्टी में शामिल हुए थे और उन्हें पार्टी के युवा मोर्चे का अध्यक्ष बनाया गया था। अब आकाश यादव को उनके पद तथा रालोजपा पार्टी से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
अनुष्का यादव के साथ वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने कई तरह के आरोप लालू परिवार पर लगाए थे। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि परिवार को इस मामले को आपस में सुलझ लेना चाहिए था। आज पारस की पार्टी ने आकाश यादव को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। आरएलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के आदेश पर पार्टी ने यह फैसला लिया गया। इस फैसले को लेकर पार्टी की तरफ से एक पत्र भी जारी किया गया है। आरएलजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एलविस जोसफ ने पत्र जारी करते हुए लिखा कि ‘वर्तमान के राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के निर्देशानुसार आपको (आकाश यादव) पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष (छात्र प्रकोष्ठ) के पद से 6 वर्षों के लिए तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।’
दरअसल इस समय पशुपति पारस खुद अपनी राजनीतिक जमीन और पार्टी को लेकर परेशान चल रहे। ऐसे में वे नहीं चाहते कि किसी भी रूप में वो और उनकी पार्टी लालू परिवार के साथ किसी विवाद में फंसे। एनडीए से बाहर होने के बाद पशुपति पारस के पास अब केवल लालू यादव के माध्यम से अपनी पार्टी बचाने और राजनीति करने का रास्ता बचा है। इसलिए पारस खुद को और अपनी पार्टी को तेजप्रताप विवाद से दूर रखना चाहते है। वो नहीं चाहते कि किसी भी तरह से इस विवाद में वे और उनकी पार्टी एक टूल की तरह इस्तेमाल हो। इसलिए पशुपति कुमार पारस ने अपनी पार्टी से आकाश यादव को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया।