सीवान : सरकारी स्कूल के एक हेडमास्टर ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए आठवीं कक्षा की दो छात्राओं की बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद दोनों छात्रा की स्थिति काफी नाजुक हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव के लोग हेडमास्टर पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला दारौंदा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बघौरा संस्कृत का है।
दरअसल, स्कूल के प्रधानाध्यापक विजय कुमार पर आठवीं कक्षा की दो छात्राओं की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। मामूली सी बात को लेकर गुस्साए हेडमास्टर ने छात्राओं को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों की मदद से आनन-फानन में दोनों छात्रा को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद अभिभावक और स्थानीय लोग में आक्रोश व्याप्त है। लोग प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीँ, शिक्षा विभाग की ओर से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश जारी किया गया है। वहीं, पुलिस ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।