बिहार के एक और जांबाज बेटे को देश में अहम जिम्मेदारी मिली है। दरभंगा के रहने वाले वरिष्ठ आईपीएस देवेन भारती को मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। पुलिस कमिश्नर बने देवेन भारती ललित नारायण मिथिला विश्विद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. भारती श्रीवास्तव और त्रिपुरारी शरण के सबसे बड़े बेटे हैं। मुंबई के 26/11 आतंकी हमले की जांच में देवेन भारती ने अहम भूमिका निभाई थी और काफी बढ़-चढ़कर काम किया। समझा जाता है कि आतंक रोधी स्किल से धनी होने के कारण ही उन्हें आज मुंबई पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
आईपीएस देवेन भारती दरभंगा जिले के नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि देवेन भारती पांच भाई बहन में सबसे बड़े हैं। इनकी तीन बहने हैं, जबकि सबसे छोटा एक भाई भी है। हालांकि, उनके माता पिता का निधन हो चुका है। मुंबई के 26/11 के आतंकवादी हमले में शामिल अजमल कसाब को फांसी दिलाने में उनका अहम रोल माना जाता है। देवेन भारती साल 1994 बैच के IPS अधिकारी हैं।
दरभंगा शहर स्थित उनके मुहल्ले के पड़ोसी बताते हैं कि IPS देवेन भारती का यहां आना कम ही होता है। पिछले कई साल से वह दरभंगा वाले घर पर नहीं आए हैं। आईपीएस देवेन भारती साल 2014 से 2019 के बीच फडणवीस सरकार के कार्यकाल के दौरान भी कई अहम पदों पर तैनात रहे थे। वह गढ़चिरौली में एसपी के रूप में काफी मशहूर रहे थे और बाद में उन्होंने अमरावती और अकोला सहित महाराष्ट्र के कई जिलो में बतौर एसपी सेवाएं दीं। इसके अलावा 1998 से 2003 के बीच उन्हें खुफिया विभाग में भी सेवाएं दीं। 29 साल के करियर में भारती ज्यादातर मुंबई शहर में पोस्टेड रहे। साल 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें कुछ महीने के लिए संयुक्त आयुक्त आर्थिक अपराध शाखा में ट्रांसफर कर दिया गया और बाद में महाराष्ट्र पुलिस के एटीएस प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था।