दरभंगा के सिंहवाड़ा से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है जिसमें बीच मैदान क्रिकेट खेलने के दौरान एक बच्चे की जान चली गई। यहां महिसारी गांव में बच्चे रोज की तरह क्रिकेट खेल रहे थे। उसी दौरान 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले आशीष पासवान की अपनी ही गेंद पर बल्लेबाज का कैच लपकते समय एक दूसरे साथी खिलाड़ी से टक्कर में मौत हो गई। मृतक बच्चे आशीष पासवान की उम्र 15 वर्ष बताई जाती है और वह अपने नाना के घर रहकर गांव के ही मिडिल स्कूल में पढ़ता था। आशीष के पिता बंगलुरू में रहकर मजदूरी करते हैं। जैसे ही यह खबर उसके घर पर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। आशीष की मां वहीं चक्कर खा कर गिर पड़ी। घरवाले दौड़ते हुए पहले मैदान और फिर डॉक्टर के ठिकाने की ओर भागे। वहां उन्होंने जो देखा, उसे देखकर वहां रोना—पीटना मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के मैदान में बच्चे दो गुटों में बंटकर क्रिकेट का मैच खेल रहे थे। इसी क्रम में आशीष पासवान बॉलिंग कर रहा था। उसकी गेंद पर बल्लेबाज ने उंचा शॉट खेला लेकिन बॉल उपर आसमान में उठ गई। आशीष कैच लपकने के लिए भागा। उसकी नजरें आसमान में गेंद की तरफ थी। उसी समय बॉल को लपकने के लिए प्वाइंट क्षेत्र से एक दूसरा खिलाड़ी ने भी दौड़ लगाई। इसी दौरान दोनों खिलाड़ियों की बीच मैदान जबर्दस्त टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही आशीष मैदान पर गिर पड़ा। उसे तुरंत पास के एक डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई और मौत हो गई।
इधर गांव के क्रिकेट मैदान पर यह हादसा होते ही अफरा-तफरी मच गई। सिंहवाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। आशीष पासवान मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के कोदाई डीह गांव के रहने वाला था। वह अपने नाना देवेंद्र पासवान के घर महिसारी गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गांववालों ने बताया कि रोज की तरह गांव के बच्चे टेनिस बॉल से क्रिकेट का मैच खेल रहे थे। खेल के दौरान आशीष बॉलिंग कर रहा था। कैच लेने के चक्कर में दूसरे खिलाड़ी से टकरा गया। उसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। और इलाज के दौरान मौत हो गई। आशीष तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।