नवादा : जिले में मगही पान की खेती का दायरा वर्ष 2024-25 में बढ़ाया जाएगा। पान विकास योजना के तहत डेढ़ लाख वर्गमीटर में पान खेती का लक्ष्य रखा गया है। जिला उद्यान विभाग के सहायक निदेशक विवेक कुमार भारती ने बताया कि प्रति 300 वर्गमीटर में पान खेती की लागत 70,500 रुपये है। किसानों को इस पर 50 प्रतिशत यानी 35,250 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए पान उत्पादक किसान 25 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पान की खेती के लिए आवेदकों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। चयनित किसानों को डीबीटी के जरिए भुगतान होगा। प्रति किसान न्यूनतम 100 से अधिकतम 300 वर्गमीटर के क्षेत्र के लिए अनुदान मिलेगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए एफपीसी का सदस्य होना जरूरी नहीं है। इच्छुक किसान उद्यान निदेशालय की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट