पटना के ज्ञान भवन में आयोजित रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले की शूटिंग के बाद जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और लालू यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा एमएलसी पवन सिंह पर कड़ा प्रहार किया। तेज प्रताप ने पवन सिंह को बड़ा लफुआ तक कह दिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पवन सिंह बड़ा लफुआ है जो सरेआम शराब पीता है। इसबीच इस कार्यक्रम में राजद सुप्रीमो लालू यादव भी पहुंचे थे। खास बात यह कि वहां लालू को देखते ही पॉवर स्टार पवन सिंह ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया और बोले कि ‘चाचा, बहुत दिन बाद मिले’। इसपर लालू ने भी इशारे में उन्हें आशीर्वाद दिया और आगे बढ़ गए।

दरअसल, पटना के ज्ञान भवन में भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया था। यहां शो की शूटिंग चल रही थी। इस दौरान भोजपुरी के कई सितारों जैसे पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे के अलावा राजद सुप्रीमो लालू और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी भी पहुंचे थे। इस शो का हिस्सा लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव भी हैं। शूटिंग खत्म होने के बाद जब तेजप्रताप बाहर निकले तो उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी MLC और भोजपुरी कलाकार पवन सिंह पर निशाना साधा और उन्हें लफुआ तक कह डाला।
तेज प्रताप ने अपने बारे में कहा कि मैं तो कृष्ण भगवान का भक्त हूं। वृंदावन आता-जाता रहता हूं, तुलसी की माला धारण किया हूं। इसलिए शराब वगैरह से दूर रहता हूं। लेकिन कुछ कलाकार हैं, जो शराब पीते हैं। कलाकारों को शराब से दूर रहना चाहिए। अंदर जाकर देखिए, शराब पीकर एक कलाकार ठुमका लगा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पवन सिंह MLC हो गए हैं, लेकिन वे सरेआम शराब पी रहे हैं। केस होगा तो धरा जाएंगे। इसके बाद तेजप्रताप यादव ने पवन सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि लफुआ लोग के बारे में हम कुछ नहीं बोलते हैं। पवन सिंह बड़ा लफुआ है। विदित हो कि ‘भोजपुरी बवाल’ पहला ऐसा रियलिटी शो है जिसमें पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव एक साथ नजर आए हैं। इस शो के जरिए कोशिश की गई कि दर्शक इन सितारों को सिर्फ फिल्मों और गानों के जरिए नहीं, बल्कि एक आम इंसान के रूप में भी जान सकें।
