बिहार के शिक्षा मंत्री ने आज रक्षाबंधन के दिन बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब बिहार में मौट्रिक और इंटर की परीक्षा में कोई विद्यार्थी फेल नहीं होगा। उन्होंने जानकारी दी कि शिक्षा विभाग ने फैसला किया है कि मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं के मार्क्स शीट पर अब फेल शब्द नहीं दिखेगा। इन परीक्षाओं में जिन छात्र—छात्राओं को कम नंबर आयेंगे, उन्हें स्किल डेवलपमेंट के आवसर दिया जाएगा, ताकि वे भी बाकी छात्रों से जीवन की रेस में पीछे न रहें और उनका मनोबल बना रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की स्वीकृति से इस नीति को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही बिहार के छात्र—छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामना देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बच्चों की हर समस्या के समाधन के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी।
मंत्री ने शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए कहा कि TRE-4 में अब 111 और सीटें बढ़ा दी गई हैं। ये सीटें वर्ग 9-10 में संगीत विषय के शिक्षकों के लिए बढ़ाई गई हैं। अब TRE-4 में कुल पदों की संख्या 33,385 हो गई है। अब छात्र मन लगाकर तैयारी करें और सफल होकर बिहार के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने में लग जाएं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहले ही TRE-4 को लेकर छात्रों की सभी मांगें लगभग मान ली हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा अब एक ही चरण में होगी। पहले TRE-4 में परीक्षा दो चरणों में होने की बात थी। अब सरकार ने एक चरण में परीक्षा कराने का फैसला लिया है। इस फैसले से करीब 10 लाख अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग अब बढ़ी हुई सीटों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की तैयारी कर रहा है।
इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया और बताया कि ट्रांसफर के लिए करीब 73 हजार आवेदन मिले हैं। इनमें करीब 37 हजार शिक्षकों को उनकी पसंद के स्थान पर ट्रांसफर दे दी गई है। यानी आधे से ज्यादा शिक्षकों को उनके विकल्प के अनुसार जगह मिल रही है। मंत्री के मुताबिक, जिन शिक्षकों को उनके दिए गए विकल्प में जगह नहीं मिल रही है, उनके लिए भी रास्ता निकाला जाएगा। अधिकारियों को ऐसे शिक्षकों से बातचीत करने को कहा गया है ताकि उनकी पसंद के अनुसार दूसरी उपयुक्त जगह तलाशने की कोशिश हो।