नवादा : सावन की अंतिम सोमवारी पर पूरे जिले का शिवालय भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबा नजर आया। नगर के प्रसिद्ध शोभिया समेत विभिन्न शिव मंदिरों में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर होते ही मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गयी, जो दिनभर बनी रही। चारों ओर हर-हर महादेव, बोल बम और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

बड़ा शिवालय में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर शिवलिंग पर जल, दूध, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। अंतिम सोमवारी होने के कारण महिलाओं, युवाओं और कांवरियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु उपवास रखकर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इसी तरह शहर के शोभनाथ मंदिर, गोवर्धन शिव मंदिर, साहब कोठी शिव मंदिर, पातालपुरी शिव मंदिर,आरपीएफ शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में विभिन्न मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में जुटे रहे। अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की लहर ने पूरे जिले को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
भईया जी की रिपोर्ट

