नवादा : जिले के सिरदला पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार युवक की पहचान परनाडाबर थाना क्षेत्र के भितिया गांव निवासी गुड्डू कुमार, पिता सतेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस क्षेत्र में गश्ती और विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब लेकर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने झगरी बिगहा गांव के समीप वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने झगरी बिगहा के समीप मोटरसाइकिल से जा रहे गुड्डू कुमार को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गयी। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट

