नवादा : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन दूसरे राज्यों से शराब की खेप बिहार पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से करीब 7 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की खेप लेकर एक ट्रक बिहार की सीमा में प्रवेश कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने नगर थाना क्षेत्र के बुधौल के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई।
अधिकारियों के मुताबिक बरामद शराब की मात्रा करीब 111 लीटर है, जिसकी कीमत बिहार में लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। चालक बुधौल का बताया जाता है। शराब की खेप झारखंड राज्य से पटना ले जायी जा रही थी। इस बावत उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट

