नवादा : जिले के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी टोला में एक घर के बन्द कमरे से महिला निदा खातून और उसकी दो बेटियों की मौत हुई है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान कर रही है और मोबाइल व नोटबुक की जांच की जा रही है। सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार है।

बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी टोला में स्थित एक घर के बंद कमरे से मिली महिला व उसकी दो बेटियों की मौत मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया है। एसपी अभिनव धीमान के सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा के नेतृत्व में बुंदेलखंड एसएचओ धनवीर कुमार व उनकी टीम मृतका की बरामद की गयी मोबाइल व नोटबुक की गहनता से जांच कर रही है।
कयास लगाया जा रहा है कि मृतका की मोबाइल में घटना से संबंधित कई साक्ष्य उपलब्ध हैं। मोबाइल में महिला की मौत से पूर्व की घटनाओं की फोटो व वीडियो होने की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया यह स्वीकार किया है कि दोनों बच्चियों की गला दबाकर हत्या करने के बाद महिला पंखे के हुक से लटक गयी। पुलिस को इससे संबंधित यदि कोई साक्ष्य मिलता है तो उसके लिए तीन मौतों की गुत्थी सुलझाना आसान हो जाएगा।
वहीं पुलिस ने घटनास्थल से एक नोटबुक बरामद किया है जिसमें मृतका निदा द्वारा लिखी गयी कई आपबीती घटनाएं दर्ज हैं। पुलिस टीम नोटबुक का अध्ययन कर रही है। उम्मीद है इससे घटना को सुलझाने में मदद मिल सकती है। साथ ही महिला को प्रताड़ित करने से संबंधित आरोपों की भी पुष्टि हो सकती है। इस मामले में गिरफ्तार किये गये सास व ससुर अस्मत खातून व उसके पति मो. ताहिर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों को प्राथमिकी के बाद गिरफ्तार कर लिया था।

मृतका निदा खातून के दादा गयाजी जिले के सरबहदा थाना क्षेत्र के सायाडीह गांव के चिराग खान द्वारा मामले में 17 अगस्त को कांड संख्या-88/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में सास व ससूर के अलावा मृतका के पति मो. शाहिद को भी आरोपित किया गया है। तीनों पर साजिश के तहत निदा खातून व उसकी दोनों बेटियों की मारपीट कर हत्या कर देने तथा दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाये गये हैं।
पुलिस को तीनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। तीनों का अन्वीक्षण रिपोर्ट तैयार करने के बाद सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया गया था। उम्मीद की जा रही है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पूरा मामला नगर के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी टोला में स्थित एक घर के बंद कमरे से मिली महिला व उसकी दो बेटियों के शवों से जुड़ा है। महिला का शव फंदे से लटका पाया गया था जबकि दोनों बच्चियों के शव बिस्तर पर पड़े थे। मृतकों में निदा खातून व उसकी दो बेटियां तीन वर्षीया सारया व डेढ़ वर्षीया सिदरा शामिल थीं।

भईया जी की रिपोर्ट
