नवादा : जिले में 8 साल की बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पकरीबरावां थाना क्षेत्र में हुई वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था । पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और मामले की जांच जारी है। घटना पकरीबरावां थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई की रात करीब 8 बजे 8 वर्षीय बच्ची दुकान से पेन खरीदकर अपने घर लौट रही थी इसी दौरान आरोपी ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची के मुंह में मिट्टी भर दी और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को धेवधा गांव से सटे एक खेत में फेंक दिया।
बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो 27 जुलाई को परिजनों ने थाना पहुंचकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 336/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच तेज कर दी। इसी दौरान धेवधा गांव से सटे एक खेत से बच्ची का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की हत्या
पुलिस ने सटीक सूचना और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पकरीबरावां थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव निवासी वितन मांझी के पुत्र रघुनंदन मांझी उर्फ तेतयी मांझी के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि बच्ची को अगवा करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर पहचान छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में फेंककर वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपी को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट