नवादा : ज्येष्ठ मास की समाप्ति के बावजूद जिले में झमाझम बारिश नहीं होने से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण दिनभर लोग परेशान हैं। सुबह से ही सूरज की तपिश बढ़ने लगती है और दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिलता है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दक्षिण बिहार के कई हिस्सों की तरह नवादा में भी मानसून की रफ्तार धीमी रहने से तेज गर्मी का असर बना हुआ है।
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
गर्मी से बचने के लिए लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम देखी जा रही है। चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप से बचने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। वहीं लोग अब जल्द बारिश होने और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पर्याप्त मात्रा में बारिश नहीं होने से कृषि कार्य बाधित हो रहा है सो अलग।
आर्द्रा नक्षत्र आधा समाप्त होने के बावजूद खेतों में धान के बिचड़े नहीं डाले जा रहे हैं। जो डाले भी गये हैं वे गर्मी के कारण 25 से 50 प्रतिशत तक जन्म नहीं ले रहे हैं। ऐसे में किसानों को आर्थिक व मानसिक परेशानी हो रही है। और तो और पर्याप्त मात्रा में बारिश नहीं होने से पशु- पक्षियों को परेशानी हो रही है सो अलग। गर्मी के कारण हजारों मिल दूर सफर कर आये साइबेरियन पक्षियों की परेशानियां कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट