पटना : बिहार में मद्य निषेध सिपाही, जेल गार्ड और चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। भर्ती व्यवस्था में लगी इस बड़ी सेंधमारी को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को सौंप दी है। ईओयू इस मामले को अपने हाथ में लेकर इसमें शामिल संगठित गिरोह का पर्दाफाश करने में जुट गई है। यह पूरा मामला नवादा जिले के कन्हाई लाल साहू महाविद्यालय परीक्षा केंद्र से जुड़ा है, जहां 14 जून 2026 को परीक्षा आयोजित की गई थी। केंद्राधीक्षक वाल्मीकि प्रसाद की लिखित शिकायत पर नवादा सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
वहीं, जांच में सामने आया है कि परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक और जैमर संचालन करने वाले तकनीकी कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों को उत्तर पहुंचाने की साजिश रची थी। इस मामले में अब तक 7 परीक्षार्थियों समेत कुल 15 लोगों को आरोपी बनाया गया है। तकनीकी काम से जुड़े विपिन कुमार, विकास कुमार, कुणाल कुमार, रोहित कुमार, रौशन कुमार और मनीष कुमार के नाम इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा, ड्यूटी पर तैनात दो वीक्षकों (इन्विजिलेटरों) के खिलाफ भी लापरवाही बरतने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
मामले का सबसे बड़ा खुलासा जैमर ऑपरेटर विपिन कुमार से पूछताछ के बाद हुआ। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर परीक्षा केंद्र परिसर के पीछे स्थित बाथरूम के ऊपर से एक छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन बरामद किया। इस मोबाइल से कई चौंकाने वाले साक्ष्य मिले हैं। वहां से 7 परीक्षार्थियों के नाम और रोल नंबर के अंतिम अंक। प्रश्नपत्र के सेट की तस्वीरें आदि मिली है। सूत्रों के मुताबिक, बायोमेट्रिक व्यवस्था से जुड़े एक ठेकेदार के इशारे पर 10 से 100 क्रमांक वाली एक विशेष ‘आंसर-की’ (उत्तर कुंजी) तैयार की गई थी। इसे जैमर ऑपरेटर के जरिए चुनिंदा अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया।
आशंका जताई जा रही है कि इसके बदले भारी रकम का लेनदेन हुआ है, जिसकी ईओयू अब वित्तीय एंगल से भी जांच कर रही है। ईओयू के अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार राज्य के अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल जांच एजेंसी मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज जैसे डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। इस मामले के सामने आने के बाद भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं और आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।