नवादा : जिले के मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हसुआ में शिक्षक नियुक्ति परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के बाद शामिल 400 से अधिक अभ्यर्थियों का ध्यान अब परिणाम पर टिका हुआ है। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई। बिहार और झारखंड के कोने-कोने से पहुंचे अभ्यर्थियों ने मॉडर्न स्कूल की व्यवस्था की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्न-पत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। अधिकांश उम्मीदवारों के अनुसार सामान्य ज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी के खंड मध्यम से कठिन स्तर के थे, जबकि विषय से संबंधित प्रश्न पाठ्यक्रम के अनुरूप थे। हालांकि, कुछ विश्लेषणात्मक प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को अधिक समय लेने पर मजबूर किया। परीक्षा के पश्चात मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह ने अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने मॉडर्न परिवार से जुड़ने के प्रयास के लिए सभी अभ्यर्थियों के प्रति हर्ष व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने कहा कि आज मॉडर्न ने बिहार सहित अन्य राज्यों में शिक्षा के क्षेत्र में अपना परचम लहराया है। मॉडर्न विद्यालय की पहचान अनुशासन, उत्कृष्ट पढ़ाई, सुव्यवस्था, सी.बी.एस.ई. बोर्ड में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा खेल, संगीत, नृत्य के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर रहना है। उन्होंने कहा कि हमारे विद्यालय में पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने वाले शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों से भी अधिक सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। परीक्षा के सफल संचालन में परीक्षा नियंत्रक सुजय कुमार के नेतृत्व में एस. के. रंजन, पी. के. पंकज, पी. के. सिंह, मिथिलेश कुमार, गोपाल कृष्णा, प्रभात कुमार, जोनाफा राय, लक्ष्मी, नीलू, संध्या सहित अन्य शिक्षकों के कार्यों की सराहना विद्यालय के प्राचार्य योगलाल चौधरी ने की और सभी को धन्यवाद दिया।
भईया जी की रिपोर्ट