नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में खेत पटवन को लेकर बढ़ही बिगहा और नाद गांव के ग्रामीणों के बीच हुए खूनी संघर्ष में प्रिंस कुमार की मौत के बाद शनिवार को मामला और गंभीर हो गया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर सिरदला पुलिस ने 15 नामजद समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इस क्रम में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मारपीट के बाद शव आहर में फेंकने का आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि मारपीट के दौरान प्रिंस कुमार की मौत हो गई थी, जिसके बाद नाद गांव के ग्रामीणों ने उसके शव को आहर के गहरे पानी में फेंक दिया ।शव की तलाश में पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद जेसीबी मशीन से आहर की मेड़ काटकर पानी बाहर निकाला गया। पानी कम होने के बाद आहर से प्रिंस का शव बरामद किया गया।
मौके पर पहुंची थी पुलिस और एसडीपीओ
घटना की सूचना मिलते ही सिरदला पुलिस के साथ रजौली एसडीपीओ मो. शहनवाज अख्तर मौके पर पहुंचे थे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
15 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी
मृतक के परिजनों से प्राप्त शिकायत के आधार पर सिरदला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। प्राथमिकी में 15 लोगों को नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पटवन विवाद कैसे बना जानलेवा संघर्ष, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मारपीट के दौरान हुई घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेत पटवन को लेकर शुरू हुआ विवाद किस तरह जानलेवा संघर्ष में तब्दील हुआ और प्रिंस कुमार की मौत के बाद उसके शव को आहर तक पहुंचाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के आधार पर पुलिस को मामले में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस की जांच के साथ अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी निगाहें टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद प्रिंस कुमार की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट