राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में 3 लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें दो लोग 3 राउंड फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि ये वीडियो हमले वाले दिन का ही है। सबसे चौंकाने वाली बात तो ये है कि इसमें फायरिंग करता दिख रहा एक शख्स खुद खान सर का बॉडीगार्ड बताया जा रहा है। इस मामले में पहले पुलिस ने कहा था कि हंगामे के दौरान कोई गोली नहीं चली है। लेकिन आज गुरुवार को सामने आए इस नए वीडियो में दो लोग हवा में गोलियां चलाते दिख रहे हैं। चर्चा है कि गोली चलाने वालों में से एक शख्स खान सर का ही बॉडीगार्ड है। यह नया वीडियो खान सर के विरोधी कोचिंग ज्ञान बिंदु एकेडमी की तरफ से जारी किया गया है।
आज सामने आए वीडियो में दो लोग 3 राउंड हवा में गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह बोर्ड भी जमीन पर गिरा हुआ दिख रहा है जिसे 2 जून की रात को उपद्रवियों ने गिराया था। इसी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वीडियो उसी रात का है जब हंगामा हुआ था। पिछले दिनों जब बवाल हुआ तब खान सर ने मीडिया से कहा था कि हमलावरों ने उनकी कोचिंग पर गोलियां चलाई हैं। लेकिन पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो उसमें गोली चलने का कोई सबूत नहीं मिला। पुलिस की इस बात के बाद खान सर भी अपने बयान से पीछे हट गए थे। अब यह नया वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की दोबारा गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह पूरा बवाल पटना की दो बड़ी कोचिंग के बीच की आपसी प्रतिस्पर्धा और दुश्मनी का नतीजा है। पुलिस ने इस मामले में विरोधी कोचिंग ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो साथियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी रौशन आनंद इस वक्त बेऊर जेल में बंद हैं। उधर जेल जाने से पहले रौशन आनंद ने खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि हाल ही में हुए बिहार पुलिस की परीक्षा में उनकी कोचिंग ज्ञान बिंदु के बच्चों का रिजल्ट बहुत अच्छा आया है। उनकी इसी सफलता से चिढ़कर खान सर ने उन्हें फंसाने की साजिश रची है।