मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने ससुराल में सोते समय अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना मुजफ्फरपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में घटी। वाकये के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि आरोपी ने 6 माह की बेटी के सामने ही पत्नी का गला रेत दिया। मृतका की पहचान राजेपुर नवादा निवासी राजेंद्र भगत की बेटी रिंकू देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पति मनोज भगत, बरूराज थाना क्षेत्र के हरनाही गांव के शंभू भगत का बेटा है। वह दुबई में रहकर काम करता है और अभी एक दिन पहले ही वह दुबई से वापस लौटा था।
जानकारी के अनुसार रिंकू देवी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके नवादा गांव में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि पति विदेश से लौटने के बाद एक दिन पहले शाम को अपने ससुराल पहुंचा। रात में खाना खाने के बाद जब सभी लोग सो गए, तो उसने धारदार हथियार से पत्नी की गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वह घर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया। राजेपुर थाना प्रभारी ने बताया कि नवादा गांव में महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस घटना की सभी पहलुओं पर जांच की रही है। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार की भी तलाश की जा रही है। मृतका की बहन ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। उनके अनुसार ससुराल पक्ष को
रिंकू देवी पसंद नहीं थी। उनका कहना था कि उसका कद काफी छोटा है। इस बात को लेकर कई बार विवाद भी परिवार में हुआ था एवं इस मामले पर पंचायत भी हो चुकी थी। रिंकू देवी के घरवालों का कहना है कि आरोपी अपने साथ बैग में चाकू लेकर आया था और उसी से उसने वारदात को अंजाम दिया। वहीं मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष अपने बेटे की दूसरी शादी करना चाहता था। उन्होंने पहले भी पुलिस से इस बारे में शिकायत की थी। उस समय पुलिस ने पति के विदेश से लौटने के बाद दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।