बिहार सरकार ने राज्य में पेपर लीक और धांधली रोकने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार हेतु 5 सदस्यीय विशेष समिति गठित करने का फैसला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। यह समिति 3 महीने में अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपेगी। दरअसल, बिहार सरकार प्रदेश में होने वाली आगामी परीक्षाओं की प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने को लेकर काफी गंभीर है। इस समिति के समीक्षा दायरे में TRE 4 की प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं से लेकर आगे होने वाली सभी तरह की भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल होंगी। यह समिति परीक्षाओं के दौरान प्रश्न-पत्र लीक, नकल, हेराफेरी के साथ AI, डिजिटल तकनीक, साइबर सुरक्षा और CCTV निगरानी जैसे पहलुओं की समीक्षा करेगी।
विद्यार्थियों का रखा जाएगा विशेष ध्यान
इस समिति की कार्यसूची में प्रश्न-पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित ट्रैकिंग की भी समीक्षा होगी। साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन और CCTV निगरानी को भी और प्रभावी बनाने पर बल दिया जाएगा। इस समिति के गठन के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा परीक्षा संचालन से मूल्यांकन और परिणाम तक की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने की कवायद की गई है। इसमें ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के हितों का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसमें धांधली पर रोक के कड़े उपायों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही परीक्षा व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक और मजबूत साइबर सुरक्षा को लागू करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
समिति का उद्देश्य आयोजित परीक्षाओं की विश्वसनीयता, सत्यनिष्ठा और सार्वजनिक विश्वास को मजबूत करना। इसके साथ ही प्रश्न-पत्र लीक, छद्म परीक्षार्थी, चोरी और सामूहिक नकल, परीक्षा केन्द्रों में हेरा-फेरी, उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़, परीक्षा डेटा पर अनाधिकृत पहुंच, परिणाम में हेरा-फेरी और परीक्षा कदाचार को समाप्त करना भी समिति के टार्गेट पर होगा। यह समिति परीक्षा के समयबद्ध संचालन और परिणामों की स-समय घोषणा, साथ ही परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही स्थापित करने की भी सिफारिश करेगी। इसके लिए मानवीय पर्यवेक्षण और डाटा की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए डिजिटल प्रौद्योगिकी, डाटा एनालिटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर सुरक्षा उपकरणों का उचित उपयोग करने पर भी समिति द्वारा विचार किया जाएगा।