NEET पेपर लीक के सरगना संजीव मुखिया की पत्नी के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक फोटो सामने आने के बाद बिहार की सियासत में तूफान मचा हुआ है। राजद ने एक्स पर यह तस्वीर शेयर करते हुए सवाल दागा कि नालंदा के संजीव मुखिया को कौन बचा रहा? यही नहीं, पार्टी सांसद मनोज झा ने मीडिया को तस्वीर जारी कर एनडीए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
राजद और जदयू के बीच वार-पलटवार
इसके जवाब में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। वे सार्वजनिक जगहों पर जाते हैं। उनकी तस्वीर तो किसी के साथ भी हो सकती है। लेकिन तस्वीर जारी करने वाले बताएं कि पेपर लीक में उनकी भूमिका क्या है? इधर राजद ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर नीतीश कुमार और संजीव मुखिया की पत्नी ममता देवी की कई तस्वीरें शेयर की हैं और साथ में लिखा कि नालंदा निवासी संजीव मुखिया को कौन बचा रहा है? क्या यह सच नहीं है कि संजीव मुखिया की पत्नी जदयू की नेत्री रही हैं और NDA से चुनाव लड़ चुकी हैं?
एक्स पर राजद ने क्या—क्या लिखा?
राजद ने तस्वीर वाले पोस्ट में आगे लिखा कि क्या सीधे मुख्यमंत्री आवास तक इनकी पहुंच नहीं है? नालंदा के ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एक ताकतवर स्थानीय मंत्री का संजीव मुखिया परिवार से बेहद करीबी संबंध है। क्या मुख्यमंत्री कार्यालय के शक्तिशाली अधिकारी से इनके गहरे ताल्लुकात है या नहीं? क्या यह सत्य नहीं है कि सत्ता शीर्ष के सीधे हस्तक्षेप के कारण ही तीसरे चरण की BPSC शिक्षक भर्ती पेपर लीक के आरोपी होने के बावजूद यह परिवार खुला घूम रहा है।