नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र में अवैध गिट्टी कारोबार धड़ल्ले से किये का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, झारखंड से गिट्टी लाकर प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर डंप की जा रही है और खुलेआम बेची जा रही है। इससे बिहार सरकार के राजस्व को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जतायी जा रही है, जबकि जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, रजौली-कोडरमा और रजौली-सिरदला मुख्य मार्ग के आसपास कई जगहों पर गिट्टी के बड़े-बड़े डंप देखे जा सकते हैं। आरोप है कि ट्रैक्टर और हाइवा के माध्यम से देर रात झारखंड की खदानों से गिट्टी लाकर यहां गिरायी जाती है और दिन में ऊंचे दामों पर बेची जाती है। बिना चालान और वैध कागजात के कारोबार होने से सरकार को मिलने वाली रॉयल्टी और खनन राजस्व के नुकसान की आशंका जतायी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कारोबार में कुछ सफेदपोश लोगों और स्थानीय दलालों की भी संलिप्तता है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लोगों के मुताबिक, ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जबकि कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। रजौली क्षेत्र में भवन निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसका फायदा उठाकर गिट्टी के अवैध कारोबारी मनमाने दाम वसूल रहे हैं। उनका कहना है कि जहां वैध कारोबारियों को सरकारी नियमों का पालन करना पड़ता है, वहीं अवैध कारोबार करने वालों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
स्थानीय लोगों ने जिला खनन पदाधिकारी और प्रशासन से अवैध गिट्टी डंप करने वाले स्थानों पर छापेमारी कर कार्रवाई करने और राजस्व नुकसान रोकने की मांग की है। इस संबंध में खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस कारण खनन विभाग का पक्ष स्पष्ट नहीं हो सका। इस बावत एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। संबंधित पदाधिकारी से जांच रिपोर्ट मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बता दें इसके पूर्व अनुमंडल कार्यालय से उतर व्यापक पैमाने पर अवैध रूप से गिट्टी का कारोबार किया जा रहा था। तब लगातार सोशल मीडिया पर ख़बरें वायरल होने से प्रशासन की किरकिरी हुई थी। कार्रवाई के साथ प्राथमिकी दर्ज हुई थी लेकिन कारोबारी आज भी थानाध्यक्ष के साथ बैठकर गुलछर्रे उड़ा रहा है। ऐसे में पुलिस की मिलीभगत से धंधा फल-फूल रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट