नवादा : एमएलसी चुनाव के मतदान का दिन ज्यों-ज्यों नजदीक आ रहा है, सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने 9 लोगों की हत्या करवाने की बात को स्वीकार किया है। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह, ”हमने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है। कोई भी मेरी तरह कुर्बानी नहीं दिया है। जब नीतीश कुमार कुछ नहीं थे. इधर-उधर घूमते रहते थे. उस समय हम नीतीश कुमार के साथ रहकर 9 लोगों का मर्डर कराए। जब नीतीश कुमार सत्ता में आए तो हमारे घर पर गोलियों की बौछार करवायी गई।
फिर कहता हूं मेरी तरह पार्टी के लिए किसने कुर्बानी दी है। नीतीश कुमार के साथ हमेशा रहे हैं और मरते दम तक साथ रहेंगे.” हालांकि, जिस प्रकार से अनंत सिंह ने 9 लोगों की हत्या करवाने की बात कही है उससे साफ है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति गरमाने वाली है। विपक्ष इस मुद्दे को किस तरह भुनाता है यह देखने वाली बात होगी। हालांकि, अनंत सिंह ने फिर से दोहराया कि वह पार्टी के साथ हैं और हमेशा रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी हमारे साथ है कि नहीं है, हम भगवान हैं? हम अपनी बात तो कहेंगे ही। ना मुझे मरने का गम है ना जीने की खुशी है। पार्टी को हम अपना मानते हैं। पार्टी को जो मानना है वह माने। एमएलसी चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों की जीत हो इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र व बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी उतर चुके हैं। विभिन्न जगहों पर प्रचार कर रहे हैं। इस बारे में जब ‘छोटे सरकार’ से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ‘निशांत कुमार को चुनाव प्रचार नहीं करना चाहिए था, यह कोई चुनाव है”।
दरअसल, अनंत सिंह बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं। वे तारीख की घोषणा के पहले से ही जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में खड़े हैं। लगातार प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं। आज शुक्रवार को जब अनंत सिंह प्रचार करने के लिए निकले तो उन्होंने कहा कि जनता भगवान है और उसी भगवान की शरण में जा रहा हूं। मैं चाहता हूं कि लोग अनुज सिंह को जमकर मतदान करे। वैसे भी यह पार्टी का चुनाव नहीं है, मैं आज भी जदयू का विधायक हूं, वही मेरी पार्टी है।
भईया जी की रिपोर्ट