नवादा : जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सात माह की गर्भवती महिला को घर में बैठे रहने के दौरान सांप ने हाथ में काट लिया। सांप को सामने देखकर महिला शोर मचाने लगी। इस बीच उसका देवर मौके पर पहुंचा और सांप को पकड़ लिया। घटना जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के सिरपतिया गांव का है। सांप के काटने के बाद परिजन महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान महिला के देवर पप्पू कुमार ने सांप को पकड़ लिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पप्पू कुमार जिंदा सांप को हाथ में पकड़कर करीब 20 किलोमीटर दूर सदर अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल पहुंचने पर हाथ में सांप पकड़े युवक को देखकर वहां मौजूद लोग भी चौंक गए। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। हालांकि पप्पू कुमार बिना घबराए सांप को पकड़े रहा। उसका पूरा ध्यान अपनी गर्भवती भाभी के इलाज पर था। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में रजनी देवी का इलाज शुरू किया गया।
रजनी देवी सात माह की गर्भवती हैं। सांप के काटने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी जांच और इलाज शुरू किया। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इलाज के बाद पप्पू कुमार ने सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित रखा। परिजनों के मुताबिक, बाद में उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बात कही।
घटना के बाद अस्पताल में पप्पू कुमार के हाथ में जिंदा सांप होने की चर्चा होने लगी। लोगों के लिए यह इसलिए भी हैरानी की बात थी क्योंकि सांप को पकड़कर करीब 20 किलोमीटर तक ले जाना जोखिम भरा काम था। पूर्व सीएस डॉ विमल प्रसाद सिन्हा ने कहा कि सांप को पकड़ने की कोशिश करना बेहद जोखिमपूर्ण हो सकता है। सांप के काटने की स्थिति में पीड़ित को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना चाहिए और सांप को पकड़ने या उसके करीब जाने से बचना चाहिए।
भईया जी की रिपोर्ट
