-250 लीटर शराब के साथ 3 गिरफ़्तार, 2.36 लाख जुर्माना
नवादा : जिले में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और मद्यनिषेध अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने बीती रात विशेष समकालीन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के नेतृत्व में रात 9 बजे से 10 बजे तक जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में एक साथ वाहन जांच और छापेमारी की कार्रवाई की गयी। अभियान के दौरान जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीम के साथ वाहन जांच की। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोका गया और उनकी सघन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान जिले में कुल 990 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 219 वाहनों से कुल 2 लाख 36 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने जांच के दौरान वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। वाहन जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने 750 मिलीलीटर विदेशी शराब और 250 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस ने जांच तेज की।
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन वाहनों को जब्त किया वहीं, शराब से संबंधित मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब बरामद शराब और जब्त वाहनों से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराध नियंत्रण, शराबबंदी को प्रभावी बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ वाहन जांच और छापेमारी की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट
