नवादा : सदर अस्पताल में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने करीब आठ साल पुराने गुमशुदगी के रहस्य को अचानक सामने ला दिया। शादी के महज तीन महीने बाद पति का घर छोड़कर गयी युवती का शव आठ साल बाद सदर अस्पताल से बरामद हुआ। अस्पताल में मिले एक डॉक्टर के पर्ची ने पुलिस को मृतका के परिवार तक पहुंचने में अहम कड़ी का काम किया। पुलिस द्वारा तस्वीर दिखाए जाने के बाद परिजनों ने मृतका की पहचान कौआकोल प्रखंड के कोलहुआबर गांव निवासी दयानंद प्रसाद की 25 वर्षीय पुत्री सिंपी कुमारी के रूप में की। पहचान होने के बाद मृतका के पिता दयानंद प्रसाद देर रात सदर अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने बेटी का शव अपने साथ ले गए।घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
2018 में हुई थी शादी, तीन महीने बाद घर से चली गयी
मृतका के पिता दयानंद प्रसाद के अनुसार, सिंपी कुमारी की शादी वर्ष 2018 में अकबरपुर प्रखंड के फतेहपुर गांव में हुई थी। शादी के करीब तीन महीने बाद अपने पति का घर छोड़कर चली गयी। अचानक उसके चले जाने के बाद परिवार ने काफी समय तक उसकी तलाश की। पिता के अनुसार, करीब छह महीने तक रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गयी, लेकिन सिंपी का कोई सुराग नहीं मिला। उस समय परिवार की ओर से पुलिस को सूचना भी नहीं दी गयी थी। बाद में सिंपी ने अपने परिवार से संपर्क लगभग समाप्त कर लिया और परिजनों से उसका नाता टूट गया।
दूसरी शादी की मिली थी जानकारी
परिजनों को बाद में जानकारी मिली थी कि सिंपी ने दूसरी शादी कर ली है। इसके बाद परिवार ने भी उसके अपने जीवन में आगे बढ़ जाने की बात मान ली। करीब आठ साल तक परिवार को उसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी। इसी बीच पुलिस सिंपी की तस्वीर लेकर उसके मायके पहुंची। तस्वीर देखते ही परिजनों ने उसकी पहचान सिंपी कुमारी के रूप में की । इसके बाद उसके पिता दयानंद प्रसाद सदर अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की।
डॉक्टर की पर्ची से पुलिस को मिला अहम सुराग
पुलिस अधिकारी के अनुसार, सदर अस्पताल में युवती का शव मिलने के बाद उसके पास से एक डॉक्टर की पर्ची बरामद हुई। पर्ची से पता चला कि युवती ने शेखपुरा में इलाज कराया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ायी और युवती के संभावित ठिकाने एवं परिजनों की जानकारी जुटायी। जांच के दौरान पुलिस कौआकोल क्षेत्र के कोलहुआबर गांव पहुंची। वहां दयानंद प्रसाद के परिवार को युवती की तस्वीर दिखाई गयी। तस्वीर देखते ही परिजनों ने उसकी पहचान सिंपी कुमारी के रूप में की।
मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं
सिंपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के अनुसार, युवती के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सिंपी की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई।
भईया जी की रिपोर्ट