नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड थाली थाना क्षेत्र के थाली बाजार में शंकर साव के घर नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान निशा कुमारी उर्फ प्राची कुमारी (करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतका नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा गांव निवासी इंद्रदेव साव की पुत्री और थाली बाजार निवासी शंकर साव के पुत्र सूरज कुमार की पत्नी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद थाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक सूचना में नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई थी, हालांकि मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को परिस्थितियां संदिग्ध नजर आईं।
गले पर निशान मिलने से पुलिस को हुआ संदेह
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाली बाजार के समीप एक घर में नवविवाहिता की मौत हो गई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो परिवार के लोगों ने महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही। पुलिस को मामला संदिग्ध लगने पर जांच-पड़ताल की गई। इस दौरान मृतका के गले पर निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि वे मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने शव को सुरक्षित रखने और अंतिम संस्कार नहीं करने का आग्रह किया। बताया गया कि मृतका के परिजन कोलकाता में थे।
भाई ने पति और सास को किया नामजद
मृतका के भाई सोनू कुमार ने थाने में आवेदन देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मृतका के गले में पहनी ढोलना की रस्सी से खींचकर उसका गला घोंटा गया, जिससे उसकी मौत हुई। आवेदन में दो लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें मृतका के पति सूरज कुमार और सास रेणु देवी शामिल हैं। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास फरार बताई जा रही है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
दो माह की गर्भवती थी मृतका
परिजनों के अनुसार, निशा कुमारी उर्फ प्राची कुमारी करीब दो माह की गर्भवती थी। मृतका की शादी 25 फरवरी 2026 को थाली बाजार निवासी शंकर साव के पुत्र सूरज कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के दौरान नकद दहेज के साथ अन्य सामान भी दिया गया था। शादी के कुछ ही महीनों बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने से मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश है। परिवार वालों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मृतका के परिजन थाना परिसर पहुंचे और पुलिस को आवेदन सौंपा। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भईया जी की रिपोर्ट