TRE-4 शिक्षक भर्ती, बीपीएससी और बीएसएससी की अन्य भर्तियों को लेकन आंदोलन कर रहे छात्रों से बीती देर रात केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना पहुंचते ही मुलाकात की। बीते दिन छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद देर रात चिराग छात्रों के बीच पहुंचे और इसके बाद वे सीधे सीएम हाउस पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर छात्रों की डिमांड को उन तक पहुंचाया। सीएम से बात के बाद चिराग ने कहा कि बहुत जल्द छात्रों को उनकी समस्याओं को लेकर सकारात्मक न्यूज सुनने को मिलेगा। चिराग ने कहा कि मैं सत्ता में रहते हुए छात्रों के मुद्दे पर चुप नहीं बैठूंगा। इसीलिए मैंने सरकार तक उनकी बातों को पहुंचाया है और उम्मीद है कि जल्द ही समाधान निकल जाएगा।
बातचीत से निकलेगा स्थायी समाधान
दरअसल, TRE-4 शिक्षक भर्ती, 70वीं BPSC, और BELTRON से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों में भारी असंतोष के बाद बीते दिन उनके प्रदर्शन के दौरान जमकर लाठीचार्ज हुआ था। इससे छात्रों का आक्रोश और उग्र हो गया। इसी सबके बीच बीती शाम केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पटना पहुंचे और सीधे गर्दनीबाग धरना स्थल गए। वहां प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत के तुरंत बाद वे सीधे मुख्यमंत्री आवास गए जहां उन्होंने उम्मीदवारों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएम सम्राट चौधरी से विस्तार से चर्चा की। धरना स्थल पर चिराग पासवान ने प्रदर्शनकारी छात्रों की शिकायतों को एक-एक करके सुना। छात्रों ने अपनी 15 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन उन्हें सौंपा, जिसमें BPSC परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, TRE-4 भर्ती से जुड़े नियम और BELTRON उम्मीदवारों की चिंताएं शामिल थीं।
छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर चिराग पासवान ने गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि NDA के एक जिम्मेदार सहयोगी के तौर पर छात्रों और युवाओं की जायज मांगों को सीधे सरकार तक पहुंचाना उनका प्राथमिक कर्तव्य है। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की मांगों पर लगभग एक घंटे तक चर्चा की। उन्होंने बताया कि 15 सूत्रीय ज्ञापन के हर बिंदु पर विस्तार से बात की गई ताकि विभिन्न स्तरों पर संभावित समाधान तलाशे जा सकें। चिराग पासवान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को बहुत सकारात्मक रवैये और खुले मन से सुना। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रशासनिक स्तर पर इन बिंदुओं की समीक्षा की जाएगी ताकि समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सके।
चिराग पासवान ने भरोसा जताया कि जो उम्मीदवार कई दिनों से सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, उनकी चिंताओं का जल्द ही सकारात्मक समाधान निकलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल को सीधी बातचीत के लिए बुलाने का भी आग्रह किया ताकि उनकी जायज चिंताओं को सीधे सुना जा सके। चिराग पासवान ने कहा कि बातचीत लोकतंत्र का आधार है और उन्हें विश्वास है कि सरकार संवेदनशील रवैया अपनाएगी और खुले मन से इन मामलों पर ठोस फैसले लेगी।
