राजधानी पटना में TRE 4 समेत तमाम BPSC और BSSC भर्तियों की मांगों को लेकर आज मंगलवार को लोकभवन और सीएम हाउस मार्च पर निकले छात्रों पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। जब इसपर भी हालात काबू नहीं हुए तो पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इस समय पटना की सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में छात्र मौजूद हैं और उनकी पुलिस के साथ तीखी झड़प की खबर है। आज सुबह गांधी मैदान से शुरू हुआ छात्रों का मार्च जेपी गोलंबर तक पहुंचा तो वहां पुलिस ने बैरिकेटिंक कर उन्हें रोका। वहां पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेड पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। इसबीच छात्र डाक बंगला की ओर भी बढ़ने लगे और किसी तरह वे डाक बंगला पहुंच गए। इसके बाद वहां भी पुलिस के साथ छात्रों की तीखी बहसबाजी हुई। जब डाकबंगला पर छात्रों ने बैरिकेडिंग को तोड़ा और आगे बढ़ने लगे तो वहां पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

कई छात्र जख्मी, कई को हिरासत में लिया गया
खबर है कि लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए हैं और पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद वहां हालात और बिगड़ गए जिसके बाद पुलिस ने डाकबंगला पर वाटर केनन का इस्तेमाल किया। मौके पर पटना के डीएम, एसएसपी और सिटी एसपी भी पहुंचे हुए हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। फिलहाल वहां चारों ओर अफरा—तफरी मची हुई है और छात्र आगे बढ़ने के लिए अड़े हुए हैं। इधर पुलिस ने भी छात्रों को बैरिकेडिंग के पास लोहे का चदरा लगाकर रोक रखा है। इस दौरान छात्र नेता खुशबू पाठक समेत कई छात्राओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मौके पर पुलिस की भारी तैनाती की गई है। छात्रों का कहना है कि TRE 4.0 के लिए हर हाल में सिंगल-स्टेज परीक्षा होनी चाहिए और नेगेटिव मार्किंग खत्म की जानी चाहिए। इसी तरह BPSC, BSSC, सब-इंस्पेक्टर भर्ती जैसे कई और मुद्दे भी हैं। सरकार ने इनमें से किसी भी बात पर कोई भरोसा नहीं दिलाया है। हमने मुख्यमंत्री से बातचीत करने की अपील की और नौ दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन हमारी कोई सुनने वाला नहीं है।
सीएम हाउस का घेराव और लोकभवन मार्च
बता दें कि छात्रों ने पहले से ही अपनी कई मांगों को लेकर आज 25 अगस्त को प्रदर्शन का ऐलान किया था। कल सोमवार की शाम को छात्र नेताओं की शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक बातचीत की थी। बातचीत के बाद छात्र नेता गर्दनीबाग धरना स्थल पहुंचे जिसके बाद धरना स्थल पर छात्र नेता सौरभ सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उन्होंने कहा था कि छात्रों ने शिक्षा विभाग के सामने अपनी कई मांगें रखी हैं। विभाग ने कुछ मांगों पर सहमति जताई है। अधिकारियों ने इन मांगों पर कार्रवाई का भरोसा भी दिया था। हालांकि, छात्र नेताओं ने साफ कर दिया था कि मुख्यमंत्री आवास घेराव और लोकभवन मार्च का कार्यक्रम रद्द नहीं होगा।
9 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे हैं छात्र
छात्रों का कहना है कि अभी भी हमारी कई ऐसी मांगें हैं, जिन पर सरकार की ओर से सहमति नहीं बनी है। इसी वजह से मुख्यमंत्री आवास घेराव और लोकभवन मार्च का कार्यक्रम किया जा रहा है। फिलहाल जेपी गोलंबर, डाक बंगला समेत पटना में जगह—जगह पुलिस की भारी तैनाती की गई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की तमाम व्यवस्था की हुई है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेड पर चढ़कर विरोध जता रहे हैं और लगातार आगे बढ़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि अभी भी कई ऐसी मांगें हैं, जिन पर सरकार की ओर से सहमति नहीं बनी है। इसी वजह से छात्रों का विरोध कार्यक्रम किया जा रहा है। छात्र TRE-4 में एक ही एग्जाम चाहते हैं न कि पीटी और मेन्स की अलग-अलग परीक्षा। इसके अलावा वे इसमें नेगेटिव मार्किंग का भी विरोध कर रहे हैं।

