नवादा : नगर के एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद हंगामा हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। नगर के सद्भावना चौक, बिजली कार्यालय के समीप स्थित मेट्रो हॉस्पिटल में ऑपरेशन के करीब 12 घंटे बाद महिला की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना के बाद अस्पताल में तोड़फोड़ और हंगामे के मामले में पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
इनमें छह वयस्क और चार नाबालिग बताए जा रहे हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से तोड़फोड़ को लेकर अब तक पुलिस को कोई आवेदन नहीं दिया गया है। मृतका गीता देवी के परिजनों की ओर से एक महिला का फर्द बयान पुलिस ने दर्ज किया है। मृतका के परिवार की ओर से एक पुरुष द्वारा आवेदन भी दिया गया है। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। फर्द बयान और आवेदन को वरीय अधिकारियों को भेजा गया है।
सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया । एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित करने की प्रक्रिया चल रही है। चिकित्सकीय पहलू की जांच के लिए सिविल सर्जन को मामले से अवगत कराया गया है। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि मृतका के परिवार की ओर से आवेदन और फर्द बयान प्राप्त हुआ है। क्लिनिक में हुई तोड़फोड़ को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में छह वयस्क और चार नाबालिग समेत कुल 10 लोगों को हिरासत में रखा गया है। पुलिस जांच के साथ चिकित्सकीय जांच से ही मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।
भईया जी की रिपोर्ट