नवादा : जिले के निजी क्लीनिकों में मौत व हंगामा का सिलसिला लगातार जारी है। गोविंदपुर व हिसुआ के बाद नगर के सद्भावना चौक के समीप एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के करीब 12 घंटे बाद महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे तथा इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भीड़ जुट गयी। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे मौके पर अफरातफरी और तनाव की स्थिति बन गयी।
मृतका की पहचान मनका गांव निवासी लालजी चौहान की पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गीता देवी को ऑपरेशन के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह करीब सात बजे उनका ऑपरेशन हुआ था। चिकित्सक की ओर से करीब 12 घंटे बाद होश में आने की बात कही गयी थी। ऑपरेशन के बाद परिजन घर चले गये थे। इसी दौरान उन्हें महिला की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल में उनसे 15 हजार रुपये नकद लिये गये। परिजनों का दावा है कि आयुष्मान योजना के तहत राशि कटने का मैसेज भी उनके मोबाइल पर आया इसके अलावा इलाज में कथित लापरवाही और मरीज के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है। अस्पताल में हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों ने अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच कराने, आयुष्मान योजना के तहत हुए भुगतान की जांच करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
घटना से संबंधित एक वायरल वीडियो में कुछ लोग अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। महिला की मौत का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मौत के कारणों को लेकर चिकित्सकीय जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए इलाज में लापरवाही और आयुष्मान योजना से जुड़े आरोपों की भी जांच की मांग की गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट