छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर आज सोमवार सुबह हुए एक भीषण हादसे में एक हाइवा ने टोटो को रौंद डाला जिससे उस पर सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसा भेल्दी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास हुआ जिसमें मकेर की ओर से छपरा जा रहे एक अनियंत्रित हाइवा ने सामने से टोटो को टक्कर मार दी। मौके पर ही टोटो सवार एक ही परिवार के तीन लोगों और एक साइकिल सवार की मौत हो गई। इस दुर्घटना में टोटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मकेर पीएचसी ले जाया गया जहां से उन्हें रेफर किये जाने की खबर है।
इस दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान अमनौर के सुल्तानगंज निवासी फारूक मियां, उनकी पतोहू शहीदा खातून, इब्राहिम मियां की पुत्री शाना प्रवीण और सोनहो निवासी सुरेश पंडित के रूप में हुई है। जबकि घायलों में इरशाद, दिलशाद अंसारी और जुनैद अंसारी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि फारूक मियां के इलाज के लिए उनकी पतोहू पूरे परिवार के साथ टोटो से गड़खा गई थी। उपचार कराने के बाद परिवार टोटो से वापस लौट रहा था। इसी दौरान भेल्दी थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित हाइवा ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हाइवा की चपेट में आने से सड़क से गुजर रहे एक साइकिल सवार की भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टोटो को ठोकने के बाद अनियंत्रित हाइवा ने सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के पोल को भी ध्वस्त कर दिया। इससे इलाके में बिजली व्यवस्था भी चौपट हो गई है। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इधर मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने वहां सड़क जाम कर दिया। सूचना पर भेल्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को हटाने के लिए लोगों को समझाने में जुटी। लेकिन मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग काफी आक्रोशित थे। उन्होंने पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया और जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। स्थिति बिगड़ती देख आसपास के थानों की भी पुलिस को बुलाया गया। फिलहाल वहां पुलिस लोगों को शांत कराने में लगी हुई है। पुलिस लगातार लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है।