नवादा : झारखंड की ओऊ से नवादा जा रहा एक पिकअप वाहन थाली थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-बरेव मुख्य पथ पर कुतरूचक मोड़ के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे में पिकअप चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
जंगली जानवर को बचाने के दौरान चालक ने खोया नियंत्रण
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन संख्या BR 21GB 7286 पर बीड़ी बनाने के काम में आने वाला जंगली पत्ता लदा था। वाहन झारखंड से नवादा की ओर जा रहा था इसी दौरान कुतरूचक मोड़ के समीप अचानक एक जंगली जानवर सड़क पर आ गया। बचाने के क्रम में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद पिकअप सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे में चालक सुरक्षित, कोई हताहत नहीं
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में चालक सुरक्षित है। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए वाहन और उसमें लदे सामानों की जांच की।
जंगली पत्ते से जुड़े कागजात मिले सही
पिकअप पर लदे जंगली पत्ते के संबंध में पुलिस ने झारखंड के सतगावां क्षेत्र स्थित रेंजर कार्यालय से जानकारी ली। जांच के दौरान पत्ते से संबंधित कागजात सही पाए गए। पुलिस के अनुसार, जांच में वाहन पर लदा जंगली पत्ता वैध पाया गया। इसके बाद मामले में किसी तरह की अवैधता सामने नहीं आई।
भईया जी की रिपोर्ट