केंद्र सरकार ने बिहार में गरीब लोगों के लिए बड़ा ऐलान किया है। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना में बिहार के 11 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान आवंटित करने की घोषणा की गई है। पटना पहुंचे केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बिहार का कोई भी गरीब अब कच्चे मकान में नहीं रहेगा। उन्होंने 11 लाख से ज्यादा परिवारों को पक्का मकान देने का ऐलान किया। आज गुरुवार को पटना के बापू सभागार में केंद्रीय मंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बिहार में पीएम आवास का आवंटन स्वीकृति पत्र सौंपा। इस कार्यक्रम में लाभुकों को केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा संयुक्त रूप से नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी सौंपी गई।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज बिहार की इस पवित्र धरती पर खड़े होकर मेरा मन अपार खुशी और आनंद से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे देश के हर गरीब भाई-बहन को पक्का घर देने का संकल्प लिया है। आज मुझे यह बताते हुए विशेष खुशी हो रही है कि बिहार के उन भाई-बहनों के लिए 11 लाख से अधिक घरों की स्वीकृति की सौगात मिल रही है, जो कच्चे घरों में रह रहे हैं। उन्हें सिर पर पक्की छत और अपना घर मिलेगा और उनके सपने पूरे होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं बिहार सरकार को बधाई देना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बिहार ने समृद्ध होने का फैसला लिया है। फसलों को अगर नुकसान होगा तो योजना के अंतर्गत उसकी भरपाई हो पाएगी।
उन्होंने कहा कि आज बिहार के उन भाई-बहनों के लिए 11 लाख से अधिक घरों की स्वीकृति की सौगात मिल रही है, जो कच्चे घरों में रह रहे हैं। इस मौके पर बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा ने बात करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार का सबका साथ, सबका विकास, ये भाव जमीन पर उतर रहा है। बिहार के अंदर गरीबों को आवास और 11 लाख नए लोगों के लिए आवास की व्यवस्था के बारे में ग्रामीण विकास मंत्री की ओर से आज कहा गया है और निश्चित रूप से बिहार के अंदर एक बड़ा परिवर्तन होगा।