नवादा : नगर क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध और मानको को ताक पर रखकर संचालित निजी क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सदर एसडीएम, सदर एसडीपीओ, स्वास्थ्य विभाग की टीम, सदर बीडीओ और नगर थानाध्यक्ष की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित निजी अस्पतालों पर औचक छापेमारी की। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से फर्जी क्लिनिक संचालकों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष रूप से नगर के जेल रोड और हरिश्चंद्र स्टेडियम रोड स्थित कई निजी क्लीनिकों में दबिश दी। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं। छापेमारी में कई निजी अस्पतालों के पास संचालन के लिए जरूरी वैध लाइसेंस तक नहीं मिले। इसके अलावा, लगभग सभी क्लीनिकों में बिना किसी योग्य फार्मासिस्ट के ही मरीजों को दवाइयां दी जा रही थीं और इलाज के नाम पर खिलवाड़ किया जा रहा था।
मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान टीम ने कुछ संदिग्धों और क्लीनिक कर्मियों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य मानकों का उल्लंघन करने वाले और बिना रजिस्ट्रेशन के क्लीनिक चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से पूरे नगर क्षेत्र के अवैध अस्पताल और पैथोलॉजी लैब संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल है।
भईया जी की रिपोर्ट