सुपौल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक सनकी चाचा ने अपनी ही भतीजी की कुदाल से काटकर हत्या कर दी। घटना सुपौल सदर थाना क्षेत्र के परसरमा पंचायत के वार्ड संख्या आठ की है जहां तेलयारी टोला में बीती देर शाम चाचा ने इस विभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया। बताया जाता है कि बीती देर शाम 8 बजे जब शंभू कुमार साह की पुत्री 7 वर्षीया प्रीति कुमारी पड़ोसी के घर से दूध लेकर घर लौट रही थी, इसी दौरान उसके चाचा राजू साह ने कुदाल से वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने कुदाल से सिर पर कई वार किए। घटना के बाद जब उसने अपनी ओर भीड़ को आते देखा तो भाग कर एक कमरे में खुद को बंद कर लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर फूट पड़ा कि आरोपी के घर के बाहर रखे सामान और बाद में उसके घर में भी आग लगा दी गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में जवान मौके पर तैनात करने पड़े। देर रात तक गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा और पुलिस ने किसी तरह भीड़ के चंगुल से बचाकर आरोपी को थाना ले आई। मृतक बच्ची परसरमा पंचायत के तेलयारी टोला निवासी शंभु साह की सात वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी थी। परिजनों के अनुसार बीती शाम शंभु साह खेत से काम कर पत्नी और बच्चों के साथ घर लौट रहे थे। शंभू आगे-आगे चल रहे थे, जबकि पीछे उनकी पुत्री प्रीति आ रही थी। इसी क्रम में वह पड़ोसी के घर से दूध लेकर लौटने लगी। तभी उसके चाचा ने उसे घेर लिया और हत्या कर दी।
शंभु साह का आरोप है कि जैसे ही वे गंगा साह के घर के समीप पहुंचे, तभी गंगा साह के पुत्र राजू साह ने अचानक उनकी बेटी पर कुदाल से हमला कर दिया। आरोपी ने मासूम पर लगातार कई वार किए और तब तक हमला करता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। आरोपी राजू साह और मृतका के पिता शंभु साह आपस में चचेरे भाई हैं। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मासूम की नृशंस हत्या के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों के भारी आक्रोश के कारण पुलिस को तत्काल सफलता नहीं मिल सकी। इसी दौरान गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा, चौकी और टेबल में आग लगा दी। स्थिति लगातार बिगड़ती देख प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। कुछ ही देर में आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी गांव पहुंच गए। बाद में उग्र भीड़ ने आरोपी के घर में भी आग लगा दी। करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई के बाद देर रात लगभग एक बजे पुलिस ने आरोपी को उसके घर से बाहर निकाला।