नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में 01 जुलाई 2026 से प्रस्तावित राजकीय डिग्री कॉलेजों के संचालन की तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया । इस क्रम में उन्होंने अकबरपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पैजुना, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुहिला तथा गोविंदपुर प्रखंड स्थित सर्वोदय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुघड़ी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवनों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, शैक्षणिक संसाधनों तथा चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय भवनों की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर हर हाल में 01 जुलाई 2026 से नियमित पठन-पाठन प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालयों में सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान भवनों के प्लास्टर, फर्श, विद्युत वायरिंग, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पंखा, मोटर तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की समीक्षा की ।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपादित करने को कहा। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि चयनित एजेंसी के माध्यम से हाउसकीपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए नियमित साफ-सफाई कराई जाए।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। जिला पदाधिकारी ने कहा कि राजकीय डिग्री कॉलेजों के संचालन से जिले के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर उपलब्ध होगा तथा इससे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। निरीक्षण के दौरान गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट