नवादा : ईद-उल-जोहा (बकरीद) 2026 का पर्व दिनांक 28 मई 2026 को जिले में सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण को लेकर जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक, श्री अभिनव धीमान द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ईद-उल-जोहा (बकरीद) 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिले में 255 स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जोनल गश्ती दल एवं विशेष चेकिंग दल में सम्पूर्ण रजौली अनुमंडल क्षेत्र, सम्पूर्ण सदर-01 अनुमंडल क्षेत्र, सम्पूर्ण सदर-02 अनुमंडल क्षेत्र एवं सम्पूर्ण पकरीबरावाँ अनुमंडल क्षेत्र में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या- 06324-212261 है। जिला नियंत्रण कक्ष 28.05.2026 से 29.05.2026 तक संचालित रहेगा। श्री सुनील कुमार, श्रमाधीक्षक, नवादा एवं पु0नि0 मनोज कुमार, प्रभारी लोक शिकायत कोषांग, नियंत्रण कक्ष के प्रभारी पदाधिकारी के रूप में रहकर अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे। नियंत्रण कक्ष में पालीवार पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त 11 सुरक्षित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशमन दस्ता, बज्रवाहन, चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत आदि की व्यवस्था की गई है।
अग्निशमन पदाधिकारी का दूरभाष नं0-06324-212586 एवं मो0 नं0-9931958989, सिविल सर्जन, नवादा का मो0 नं0-9470003536 तथा फ्यूज कॉल सेंटर का मोबाइल नं0-7033095811/7033095812 है। तनावपूर्ण स्थानों पर संबंधित थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। सोशल मीडिया पर किसी सम्प्रदाय विशेष के व्यक्ति द्वारा दूसरे सम्प्रदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले संवाद, चित्र अथवा वीडियो पोस्ट किए जाने के कारण साम्प्रदायिक तनाव या गंभीर विधि-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके लिए सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष/ओ0पी0 अध्यक्ष द्वारा वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर श्रीमती नीलिमा साहु, उप विकास आयुक्त, नवादा एवं श्री निशु मल्लिक, पुलिस उपाधीक्षक (मु0), जिले की सम्पूर्ण विधि-व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे कर्तव्यनिष्ठा तथा कर्मठता के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो।
भईया जी की रिपोर्ट