भागलपुर : जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी और प्रेमी के बीच उपजे विवाद ने गुरुवार को एक सनसनीखेज मोड़ ले लिया। अपनी पसंद के साथी के साथ रहने की जिद और आपसी कलह के बीच एक युवक ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान हरिदासपुर निवासी भरत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में मातम और सनसनी का माहौल है। पुलिस मनोज और कंचन से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कंचन देवी नामक महिला ने अपने पहले पति मनोज मंडल को छोड़कर भरत कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले कुछ समय से गुजरात में रह रहे थे और करीब दस दिन पहले ही वापस लौटे थे। गुरुवार को कंचन का पहला पति मनोज मंडल उसे वापस ले जाने के लिए आया था। कंचन ने मनोज के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया, जिसे लेकर तीनों के बीच काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा और विवाद चलता रहा।
विवाद इतना बढ़ गया कि कंचन ने जहर खाने की धमकी दी और जहरीला पदार्थ अपने मुंह में डाल लिया। उसे ऐसा करते देख प्रेमी भरत कुमार ने भी आनन-फानन में जहरीला पदार्थ निगल लिया। बताया जा रहा है कि कंचन के मुंह से जहरीला पदार्थ बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। भरत ने जहर निगल लिया था, जिसके बाद उसकी स्थिति बिगड़ने लगी। इलाज के दौरान अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता के अनुसार, वो पहले लूसी कुमारी से प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके दो बच्चे भी हैं। बाद में वह कंचन के संपर्क में आया और दोनों साथ रहने लगे। परिजनों का आरोप है कि कंचन ने केवल जहर खाने का दिखावा किया था, जबकि भरत ने आवेश में आकर इसे सचमुच निगल लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक की मौत हो गई। फिलहाल फर्द बयान की कॉपी का इंतजार है।