पूर्णिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां एक महिला ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर से 30 किमी दूर ले जाकर फेंक दिया। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला खुद ही जेल पहुंच गई और पुलिस से गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग करने लगी। घटना पूर्णिया के कसबा के वार्ड नंबर 9 स्थित राधा नगर गांव की है। पत्नी सुनीता देवी ने पति उमेश सिंह की हसुआ से हत्या कर शव बोरे में भरकर 30 किमी दूर अमौर थाना क्षेत्र के पलसा घाट पुल के पास फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी महिला खुद सेंट्रल जेल पहुंच गई और सरेंडर की मांग करने लगी।
कस्बा की घटना, घर में मिले खून के निशान
मृतक की पहचान 45 वर्षीय उमेश सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात उमेश सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुनीता देवी ने घर में रखी तेज धार वाली हंसिया से पति पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी महिला ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। उसने पति के शव को एक बोरे में भरकर घर से करीब 30 किलोमीटर दूर आमौर थाना क्षेत्र के पलसा घाट पुल के पास फेंक दिया। सबसे हैरानीजनक बात यह कि वारदात को अंजाम देने के बाद सुनीता देवी खुद सेंट्रल जेल पहुंच गई। वहां उसने जेल अधिकारियों से खुद को बंद करने की जिद की। वहीं जेल प्रशासन ने तुरंत केहट थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
30 किमी दूर पलसा घाट पुल से शव बरामद
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक का छोटा बेटा पीयूष अपने घर पहुंचा। घर का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे के फर्श, बरामदे और यहां तक कि तकिए पर भी खून के गहरे धब्बे बिखरे हुए थे। घर से उमेश सिंह और उनकी पत्नी सुनीता दोनों गायब थे। मृतक के बड़े भाई महेश सिंह ने बताया कि आंगन और शौचालय के सेप्टिक टैंक के पास भी भारी मात्रा में खून जमा था, जिससे स्पष्ट था कि घर के भीतर ही किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम दिया गया है। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर महिला ने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पलसा घाट पुलिया के पास से उमेश सिंह का शव बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने एक अन्य शख्स महेंद्र सिंह को भी हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि शव को इतनी दूर ले जाकर ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, उमेश अपनी पत्नी सुनीता के साथ गांव में ही एक धार्मिक कीर्तन देखने गया हुआ था। वहां से लौटने के बाद देर रात दोनों के बीच फिर से झगड़ा होने लगा। इसी दौरान आवेश में आकर सुनीता ने घर में रखे धारदार हसुआ से उमेश पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।