नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय वासियों ने सुघड़ी में डिग्री कॉलेज बनाये जाने का विरोध आरंभ कर दिया है। इस बावत सांसद को आवेदन देकर हस्तक्षेप की मांग की है। राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य सह गोविंदपुर पंचायत पूर्व मुखिया अफरोजा खातुन समेत बाजार वासियों का आरोप है कि प्रखंड मुख्यालय में तैलिक इंटर विद्यालय में न केवल पर्याप्त भूमि – भवन बल्कि हर सुविधा उपलब्ध है।
दूसरी ओर सुघड़ी सर्वोदय उच्च विद्यालय में भवन से लेकर उपस्कर का घोर अभाव है। बावजूद चयन करना किसी मामले में सही नहीं है। सुघड़ी का सम्पूर्ण क्षेत्र नक्सल प्रभावित रहा है तथा पूर्व में नक्सलियों द्वारा रजौली एसडीपीओ पर हमला के साथ थानाध्यक्ष समेत कई की हत्या की जा चुकी है। ऐसे में डिग्री कॉलेज वहां बनाना किसी मामले में न्यायोचित नहीं कहा जा सकता।
इस बावत जिला शिक्षा पदाधिकारी का कहना है चूंकि जैविक वैश्य इंटर स्कूल माडल विद्यालय है ऐसे में वहां डिग्री कॉलेज नहीं बनाया जा सकता। दूसरी ओर कनीय अभियंता का कहना है कि मेरी ओर से गोविंदपुर तैलिक वैश्य इंटर विद्यालय को ही डिग्री कॉलेज के लिए उपर्युक्त माना गया था। बदलाव कहां से हुआ कहा नहीं जा सकता। अफरोजा खातुन ने सांसद समेत तमाम संबंधित अधिकारियों से निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए प्रखंड मुख्यालय में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ कराने का अनुरोध किया है। ऐसे में जहां छात्र-छात्राओं को सुविधा मिलेगी वहीं सुरक्षा भी।
भईया जी की रिपोर्ट