उत्तर बिहार से पकड़ौआ विवाह का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसमें बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी बेसुध हालत में ही शादी करा दी गई। मामला समस्तीपुर जिले के पटोरी का है। यहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिख रहा है कि दूल्हा बना युवक नीतीश पूरी तरह नशे में है और वह अपने होश खो चुका है। इसी हालत में एक लड़की के साथ उसकी ‘वरमाला’ की रस्म अदा की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि नीतीश खुद माला नहीं पकड़ पा रहा था तो एक अन्य युवक ने जबरन उसका हाथ पकड़कर लड़की के गले में माला पहना दी।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया
पकड़ौआ विवाह का यह वीडियो समस्तीपुर के पटोरी का बताया जाता है। वीडियो वायरल होते ही पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। जानकारी के अनुसार पटोरी थाना क्षेत्र के चकराज अली गांव में एक युवक को जबरन उठा कर शादी कराने का गंभीर आरोप लगाया गया है। बताया गया कि चकराज अली गांव निवासी शंकर राय की पुत्री लक्ष्मी कुमारी का विवाह शिउरा पंचायत के जोड़ी पोखर गांव निवासी कालेश्वर राय के पुत्र नीतीश कुमार से जबरन कराया गया। जबरन विवाह के बाद इसकी जानकारी दुल्हे ने खुद वीडियो जारी कर दी। वीडियो में नीतीश कुमार खुद को पीड़ित दुल्हा बताते हुए कहता है कि 7 फरवरी को वह लाइब्रेरी जा रहा था.तभी गांव के कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर मारपीट की गई और फिर मोरवा प्रखंड स्थित खुदनेश्वर स्थान मंदिर में जबरन उसकी शादी करवा दी गई।
वीडियो जारी कर अगवा दूल्हे ने दी जानकारी
युवक का यह भी आरोप है कि शादी के बाद उसे घर में बंद कर रखा गया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। कहा जा रहा है कि यह विवाह उसकी मर्जी के खिलाफ कराया गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक नीतीश कुमार को कथित ससुराल से निकालकर थाना लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस संबंध में पटोरी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाह सहमति से हुआ या जबरदस्ती.साथ ही वायरल वीडियो में किए गए दावों की सत्यता की भी जांच की जा रही है।जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।