नवादा : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को बजट पेश किया। माघी पूर्णिमा और संत रैदास जंयती पर जिलेवासियों को बजट से बड़ी उम्मीदें रही। नए कर्तव्य भवन में तैयार किए गए बजट में वित्तमंत्री ने तीन कर्तव्यों का जिक्र किया।
इनमें महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना की बातें हुई, जो आकांक्षी जिला नवादा के लिए बड़ा बदलाव का कारक बनने की ओर अग्रसर हो गया है, सिर्फ इसमें ईमानदार प्रयास की जरूरत है। ऐसे में कादिरगंज में संचालित हैंडलूम इकाईयों को विशेष फायदा पहुंचेगा। छोटे लोन मिलेंगे, तो हथकरघा उद्योग को बूस्टर डोज लगेगा। नए बाजार मिलने से उत्पादों को सही कीमत मिलेगी।केंद्रीय बजट में घोषित गांधी ग्राम स्वराज योजना की पहल नवादा में ऐतहासिक होगी, यदि कादिरगंज के तसर रेशम उद्योग में इसका क्रियान्वयन किया जाएगा।
योजना के तहत खादी, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट को ग्लोबल मार्केटिंग से जोड़ने पर काम होगा। बुनकरों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा। ऐसे में कादिरगंज के हस्तकरघा उद्योग में लगे बुनकरों की उम्मीदें बढ़ी है। साथ ही कौआकोल के सोखोदेवरा आश्रम में खादी कपड़ों के निर्माण उद्योग को बढ़ावा मिलने की आस है। यहां बने वस्त्रों को दूसरे शहरों और राज्यों में बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में जिले के ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बेहतर सुधार होगा। मजदूरों और बुनकरों को घर बैठे काम मिलेगा।