बिहार विधानसभा के 18वें सत्र के पहले बजट सेशन की शुरुआत हो चुकी है। राष्ट्रगान के बाद सत्र की शुरआत हुई जिसके बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का अभिभाषण शुरू हुआ। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बजट सत्र के पहले दिन व्हीलचेयर पर सदन पहुंचे। पैर में चोट होने के कारण वह काफी परेशानी में दिखे तथा राजद विधायकों की मदद से वह सदन की सीढ़ियों पर चढ़ सके। मुख्यमंत्री नीतीश और दोनों डिप्टी सीएम समेत सत्तापक्ष ने तमाम सदस्यों का अभिवादन करते हुए सदन में उपस्थिति दर्ज की। दिन के करीब साढ़े ग्यारह बजे राज्यपाल ने विधानमंडल के विस्तारित भवन के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करना शुरू किया। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश कर सकते हैं। कल 3 फरवरी को वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव वर्ष 2026—27 का बजट पेश करेंगे।
राज्यपाल ने अभिभाषण में गिनाईं उपलब्धियां
राज्यपाल ने आज संयुक्त सत्र के दौरान अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने सदस्यों से ठोस और सारगर्भित चर्चा करने और विषयों पर गंभीर बहस का आह्वान किया। खबर है कि मौजूदा सत्र के 19 दिनों में सरकार की ओर से बजट के साथ तृतीय अनुपूरक बजट भी लाया जाएगा और अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। साथ ही राजकीय विधेयक भी लाया जाएगा। पहले दिन छोड़कर सदन में 18 दिन प्रश्न काल और ध्यानकर्षण सेशन भी होंगे जिसमें सरकार को सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर देना होगा। आज आर्थिक सर्वेक्षण पेश किये जाने के बाद शोक प्रस्ताव पेश होगा जिसके बाद सदन कल तक के लिए स्थगित हो जाएगा।
तेजस्वी व्हीलचेयर पर सदन पहुंचे
उधर आज सुबह 11 बजे विधानसभा चुनाव के बाद 18वीं विधानसभा का पहला बजट सत्र शुरू हुआ। नीतीश सरकार इस सत्र में सात निश्चय तीन को ध्यान में रखकर बजट पेश करने वाली है। वहीं सत्र के पहले दिन महज 35 विधायकों के साथ विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में जुटा है। नीट छात्रा केस पर विपक्ष के सभी विधायक सरकार पर हमलावर पहले से ही हैं। आज सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्षी सदस्य विस परिसर में सरकार विरोधी नारे लिखे पोस्टर लहराते दिखे। माले विधायक संदीप सौरभ ने हाथ में पोस्टर लेकर नीट छात्रा मर्डर केस की जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शंभू और परफैक्ट गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म की जांच सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में करवाएं। वहीं राजद विधायवक भाई वीरेंद्र ने कहा कि आज से बजट सत्र की शुरुआत हो रही है। तीन फरवरी से प्रश्न काल होगा। हमलोग सरकार की हर गलत नीतियों क विरोध करेंगे। आज देख रहे हैं नीट छात्रा मर्डर केस में नीतीश सरकार किस तरह से असमंजस में है। सरकार कटघरे में खड़ी है। कार्रवाई इसलिए नहीं हो रही है कि एनडीए के बड़े नेताओं के परिवार का नाम इस केस में है। इसलिए सरकार न भेद खोल रही है और न कार्रवाई कर रही है। जनता के हितों के सवाल को राष्ट्रीय जनता दल उठाएगा।