पटना : दिव्यांगजनों के आत्मबल, समान अवसर और सामाजिक समावेशन को समर्पित स्वर्ग संस्था की एक पहल ISPL द्वारा “दिव्य दौड़– चैप्टर 2” का आयोजन शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों में खेल भावना को प्रोत्साहित करना, आत्मनिर्भरता का संदेश देना तथा समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में तीन विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांग प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी अद्भुत इच्छाशक्ति, अनुशासन और उत्साह से सभी को प्रेरित किया। 0 से 12 वर्ष वर्ग श्रेणी में कुणाल पांडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं दूसरे तथा तृतीय स्थान पर क्रमशः अंश राज और आनंद कुमार रहे। जबकि 13 से 17 वर्ष वर्ग श्रेणी में प्रथम विनय कुमार, द्वितीय सूरज कुमार तथा तृतीय बंटी आए वहीं 18 से ज्यादा वर्ष वर्ग श्रेणी में विवेक कुमार प्रथम, नागमणि कुमार द्वितीय और अमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
इसके पहले पूर्व निशक्त आयुक्त डॉ. शिवाजी कुमार, कर्नल श्री एस के सिंह तथा संस्था के अध्यक्ष श्री निर्मल मिश्रा ने फ्लैग ऑफ कर इस मिनी मैराथन की विधिवत शुरुआत की। दौड़ के दौरान सुरक्षा, मार्गदर्शन और चिकित्सा सहायता की समुचित व्यवस्था की गई थी। आयोजन के अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर सीता साहू एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश दामोदर प्रसाद ने प्रतिभागियों को पुरस्कार तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि “दिव्य दौड़” जैसे आयोजन समाज में समावेशन की भावना को मजबूत करते हैं और यह सिद्ध करते हैं कि अवसर मिलने पर दिव्यांगजन किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
संस्था के अध्यक्ष निर्मल मिश्रा ने बताया कि इस तरह का आयोजन लगातार किया जाएगा ताकि दिव्यांगजन भी अपने देश का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक करे। दिव्य दौड़ की यह दूसरी कड़ी (चैप्टर 2) भविष्य में और बड़े स्तर पर आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को मंच, सम्मान और प्रेरणा मिल सके। संस्था के सचिव राकेश कुमार ने कार्यक्रम की सफलता में अतिथियों, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं, प्रायोजकों, स्थानीय प्रशासन तथा मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।