औरंगाबाद से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मदनपुर प्रखंड के सलैया थानांतर्गत राजा गरडी गांव में एक 11 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बच्चे के शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि बच्चे की हत्या गांव के पूरब स्थित सरसों के खेत में चाकू से गला रेत कर की गई है। मर्डर के बाद शव को बोरे में बांधकर मदार नदी की झाड़ियों में फेंक दिया गया था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।
घर के बाहर खेल रहा था सूरज
जानकारी के मुताबिक इस जघन्य हत्याकांड को आपसी रंजिश में सलैया थाना क्षेत्र के राजा गरडी गांव में अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान मंटू दास के बेटे सूरज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते दिन सूरज स्कूल से लौटने के बाद घर के बाहर खेल रहा था। उनके घर पर मरम्मत—निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य में परिवार के सभी लोग व्यस्त थे। इसी बीच सूरज अचानक घर के बाहर से गायब हो गया। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। खोजबीन के दौरान पता चला कि सूरज को आखिरी बार पड़ोसी सोनू के साथ बगीचे की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
जमीन विवाद में हुई वारदात
पुलिस ने सोनू को तुरंत हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की। करीब 12 घंटे बाद आज मंगलवार सुबह उसने पुलिस के समक्ष बच्चे की हत्या की बात कबूल ली। बच्चे के पड़ोसी आरोपी सोनू की निशानदेही पर पुलिस ने आज दिन में मदार नदी के पास झाड़ियों से बोरे में बंद शव बरामद किया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पूछताछ में आरोपी पड़ोसी ने बताया कि दोनों परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था जिसके कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है जबकि मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।