औरंगाबाद (बिहार) : जिले के सलैया थाना क्षेत्र के राजा गरडी गांव से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक सनकी युवक ने ज़मीनी विवाद का बदला लेने के लिए अपने ही 11 वर्षीय चचेरे भाई की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान मंटू दास के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
खेलते समय हुआ था लापता
परिजनों के अनुसार, सोमवार को स्कूल से लौटने के बाद सूरज घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि उसे अंतिम बार गांव के ही चचेरे भाई सोनू के साथ बगीचे की ओर जाते देखा गया था। संदेह होने पर जब परिजनों ने सोनू से पूछताछ की, तो उसने कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद मामले की सूचना सलैया थाना पुलिस को दी गई।
पुलिसिया सख्ती के आगे टूटा आरोपी
पुलिस ने सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर मंगलवार सुबह गांव से 500 मीटर दूर मदार नदी की झाड़ियों से एक बोरे में बंद सूरज का शव बरामद किया गया।
हत्या की वजह : ज़मीनी विवाद और रंजिश
थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि हत्या के पीछे का कारण पुराना ज़मीनी विवाद है। आरोपी सोनू ने स्वीकार किया कि पूर्व में सूरज के परिजनों ने उसके परिवार के साथ मारपीट की थी, उसी रंजिश के चलते उसने मासूम सूरज को बहला-फुसलाकर बगीचे में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। और गांव से 500 मीटर दूर मदार नदी की झाड़ियों से एक बोरे में बंद सूरज का शव छुपा दिया।
जांच और कार्रवाई
शव को औरंगाबाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीँ, दूसरी ओर साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस जघन्य अपराध में सोनू के साथ कोई और भी शामिल था। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।